श्री आलोक कुमार (आईपीएस), पुलिस महानिदेशक, गोवा की गरिमामयी उपस्थिति में हिंदी पखवाड़ा–2026 का भव्य समापन
भा.कृ.अनु.प.–केंद्रीय तटीय कृषि अनुसंधान संस्थान, गोवा में 14 से 28 सितंबर 2026 तक हिंदी पखवाड़ा–2026 का आयोजन विभिन्न साहित्यिक, रचनात्मक एवं कार्यालयीन गतिविधियों के साथ उत्साहपूर्वक किया गया। निदेशक महोदय के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में आयोजित इस पखवाड़े का उद्देश्य संस्थान में हिंदी के प्रयोग को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके बच्चों को हिंदी की विभिन्न विधाओं से जोड़ना रहा।
विविध गतिविधियों से समृद्ध रहा हिंदी पखवाड़ा
पखवाड़े के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए हिंदी आलेख, हिंदी टंकण, हिंदी सुलेख, आशुभाषण एवं अंताक्षरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। आशुभाषण प्रतियोगिता में नियमित, संविदा, परियोजना कर्मियों एवं यंग प्रोफेशनल्स ने सामान्य तथा सुधार संबंधी विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
बच्चों को भी आयोजन से जोड़ते हुए पोस्टर निर्माण एवं काव्य पाठ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। काव्य पाठ में बच्चों ने अपनी भावपूर्ण प्रस्तुतियों से सभी को प्रभावित किया। इस प्रकार पखवाड़े की गतिविधियों में कर्मचारियों के साथ-साथ उनके परिवारों एवं बच्चों की भी उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।
काव्य पाठ एवं भव्य समापन समारोह
हिंदी पखवाड़े का समापन 28 सितंबर 2026 को हिंदी काव्य पाठ प्रतियोगिता एवं भव्य समापन समारोह के साथ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री आलोक कुमार (आईपीएस), पुलिस महानिदेशक, गोवा रहे। काव्य पाठ प्रतियोगिता में संस्थान के कार्मिकों ने सुंदर एवं भावपूर्ण काव्य रचनाओं की प्रस्तुति दी। प्रतियोगिता के निर्णायकों में श्री दत्तप्रसाद दत्तात्रय जोग, कृषि विस्तार अधिकारी, कृषि विभाग, गोवा सरकार सहित अन्य निर्णायक शामिल रहे।
इस अवसर पर संस्थान के निदेशक महोदय ने हिंदी पखवाड़ा–2026 के सफल आयोजन एवं समापन पर सभी को बधाई दी तथा हिंदी के प्रति निरंतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने इस अवसर पर अपनी स्वयं की हिंदी कविता का भी भावपूर्ण पाठ किया।
समारोह में श्री आलोक कुमार (आईपीएस), पुलिस महानिदेशक, गोवा ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए हिंदी के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने हिंदी को हमारे संदेश को जनसामान्य तक पहुँचाने का सहज और सरल माध्यम बताते हुए कहा कि हिंदी हमें एक-दूसरे से जोड़ती है तथा विभिन्न संस्कृतियों के बीच सेतु का कार्य करती है। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि हिंदी साहित्य में हमें आलोकित और प्रेरित करने की अपार शक्ति है। मुख्य अतिथि ने अपने साहित्यिक पक्ष को भी प्रस्तुत करते हुए अपनी काव्य-कृति ‘साझे लम्हों की महक’ से एक कविता का पाठ किया, जिसे उपस्थित सभी ने सराहा।
समारोह के दौरान हिंदी पखवाड़े की विभिन्न गतिविधियों की वीडियो प्रस्तुति के माध्यम से संक्षिप्त झलक प्रस्तुत की गई तथा संस्थान की हिंदी पत्रिका ‘लहरें’ के छठे अंक–भाग 1 (तकनीकी खंड), 2026 का विमोचन किया गया। इसके पश्चात पखवाड़े के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मुख्य अतिथि श्री आलोक कुमार जी के कर-कमलों द्वारा पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का समापन राजभाषा अधिकारी डॉ. विनोद उबरहांडे द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने मुख्य अतिथि, निदेशक महोदय, निर्णायकों, राजभाषा कार्यान्वयन समिति के सदस्यों, प्रतिभागियों तथा आयोजन में प्रत्यक्ष एवं परोक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी कार्मिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। निदेशक महोदय के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व, राजभाषा अधिकारी के समन्वय तथा राजभाषा कार्यान्वयन समिति के सदस्यों एवं समस्त कार्मिकों के सक्रिय सहयोग से हिंदी पखवाड़ा–2026 की सभी गतिविधियाँ सफलतापूर्वक आयोजित हुईं और इसका भव्य समापन हुआ।